मेडिकल लैब टैक्नोलॉजिस्ट संघ के बैनर तले एकता विहार स्थित धरना स्थल पर बेरोजगार डिग्रीधारी मेडिकल लैब तकनीशियनों का अनिश्चितकालीन धरना आज 38वें दिन भी लगातार जारी रहा। संगठन ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि कैडर पुनर्गठन के नाम पर बेरोजगार युवाओं के साथ छल किया गया है।

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष आशीष चंद्र, प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर बिष्ट तथा प्रदेश महासचिव मयंक राणा ने संयुक्त रूप से कहा कि शासन द्वारा दिनांक 23 जून को एक शासनादेश (जीओ) जारी किया गया है, जिसमें लैब तकनीशियन कैडर पुनर्गठन/ढाँचे को तीन पदोन्नति सोपानों के साथ प्रख्यापित किया गया है। किंतु उक्त शासनादेश में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह ढाँचा किन IPHS मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है।

ये भी पढ़ें:  80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एसएसपी देहरादून द्वारा पुलिस लाइन देहरादून में किया ध्वजारोहण

उन्होंने कहा कि IPHS-2012 के मानकों के अनुसार राज्य में लैब तकनीशियनों के लगभग 1014 पद स्थापित होने चाहिए, जबकि IPHS-2022 के अनुसार यह संख्या 1200 से अधिक पदों तक पहुँचती है। इसके विपरीत शासन द्वारा केवल पूर्व से सृजित 345 पदों के आधार पर कैडर ढाँचे की घोषणा कर दी गई है, जिसमे वर्तमान में 153 लैब तकनीशियन कार्यरत हैं और शेष पद रिक्त हैं, यदि वास्तव में IPHS मानकों के अनुरूप कैडर पुनर्गठन किया गया है, तो फिर मानकों के अनुसार आवश्यक पदों का सृजन क्यों नहीं किया गया? यह प्रश्न शासन में बैठे अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

ये भी पढ़ें:  एसएसपी दून के नेतृत्व में लोगों चेहरों पर मुस्कान बिखेरती दून पुलिस

नेताओं ने आगे कहा कि वर्ष 2015 में शासन द्वारा एक शासनादेश जारी कर सरकारी सेवा में कार्यरत लैब तकनीशियनों, जो डिप्लोमा पाठ्यक्रम के आधार पर नियुक्त हुए थे, का ग्रेड-पे इस शर्त के साथ बढ़ाया गया था कि भविष्य में होने वाली सीधी भर्ती अनुभव सहित बीएससी मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी (B.Sc. MLT) योग्यता के अनुरूप की जाएगी। लेकिन दुर्भाग्यवश ग्रेड-पे तो बढ़ा दिया गया, जबकि सेवा नियमावली में डिग्रीधारी लैब तकनीशियनों की योग्यता को आज तक सम्मिलित नहीं किया गया और न ही आवश्यक संशोधन किए गए। इससे हजारों डिग्रीधारी बेरोजगार लैब तकनीशियनों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है।

ये भी पढ़ें:  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण किया

उन्होंने कहा कि 26 वर्षों से उपेक्षित बेरोजगार लैब तकनीशियन अपने अधिकारों और रोजगार की मांग को लेकर संघर्षरत हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों की लगातार अनदेखी कर रही है। यदि शीघ्र ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक किया जाएगा।

26 वर्षों से उपेक्षित बेरोजगार लैब तकनीशियनों का एकता विहार में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना आज 38वें दिन भी लगातार जारी रहा और संगठन ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी न्यायोचित मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक यह आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में लैब तकनीशियन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *