एम्स ऋषिकेश के सुरक्षा विभाग की इंटेलिजेंस टीम द्वारा संस्थान प्रशासन के समन्वय से बैराज रोड पर गोपनीय कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा निर्माणाधीन एम्स किच्छा में नौकरी दिलाने के नाम पर ₹3,20,000/- की धनराशि के लेन-देन के संबंध में बातचीत करते हुए पाए जाने पर सुरक्षा टीम द्वारा उन्हें पकड़ लिया गया। एम्स ऋषिकेश प्रशासन को निरंतर ऐसी सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं कि कुछ व्यक्तियों द्वारा निर्माणाधीन एम्स किच्छा में विभिन्न पदों पर नौकरी लगवाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं/अभ्यर्थियों से धनराशि की मांग एवं वसूली की जा रही है तथा फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार किए जा रहे हैं। प्रकरण के संबंध में श्री विक्रम सिंह, प्रशासनिक अधिकारी, एम्स ऋषिकेश, जनपद देहरादून द्वारा कोतवाली ऋषिकेश पर लिखित तहरीर दीगई। तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश पर मु0अ0सं0- 463/2026, धारा 318(4)/336(3)/338/340(2)/61(2) बीएनएस बनाम सुब्रत बछाड़ आदि पंजीकृत किया गया।
विवेचना के दौरान वादी श्री विक्रम सिंह, प्रशासनिक अधिकारी एम्स ऋषिकेश द्वारा प्रस्तुत तहरीर, गवाहों के कथनों, अभियुक्तों से पूछताछ तथा उनके कब्जे से प्राप्त/प्रस्तुत नियुक्ति संबंधी दस्तावेजों के अवलोकन से अभियुक्तगण की उक्त प्रकरण में संलिप्तता के संबंध में पर्याप्त साक्ष्य प्रकाश में आए। पूछताछ के दौरान अभियुक्त दीपक गुसाईं द्वारा नौकरी लगवाने के नाम पर विभिन्न व्यक्तियों से धनराशि प्राप्त किए जाने तथा उसमें से ₹2,40,000/- शिवा सिंह को दिए जाने की बात स्वीकार की गई। वहीं अभियुक्त सुब्रत बछाड़ द्वारा भी खुद व अन्य व्यक्तियों की नौकरी लगवाने के लिए धनराशि दिए जाने तथा संबंधित व्यक्तियों को शिवा सिंह एवं Rajdeep Enterprise के मैनेजर विनायक से मिलाए जाने की बात बताई गयी, जिसके संबंध में भी विवेचना की जा रही है।
उपलब्ध साक्ष्यों एवं प्रकरण की संवेदनशीलता के दृष्टिगत ऋषिकेश पुलिस द्वारा प्रकरण में शामिल 05 अभियुक्तों 1-सुब्रत बछाड़ पुत्र विष्णुनाथ बछाड़, 2-दीपांशु मंडल पुत्र दीपक मंडल, 3-गणेश पुत्र बच्चू लाल 4-दीपक गुसाईं पुत्र स्व0 मंगल सिंह गुसाईं तथा 5- दीपना मंडल पुत्री दीपक मंडल को आज दिनांक 17/09/2026 को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।
प्रकरण की विवेचना में नौकरी के नाम पर अन्य अभ्यर्थियों से धनराशि लिए जाने, फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार करने एवं उपलब्ध कराने, धनराशि के लेन-देन तथा प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
विवरण गिरफ्तार अभियुक्त :-
1- सुब्रत बछाड़ पुत्र विष्णुनाथ बछाड़, निवासी निर्मलनगर, थाना सितारगंज, ऊधमसिंह नगर, उम्र 33 वर्ष।
2-दीपांशु मंडल पुत्र दीपक मंडल, निवासी शक्तिफार्म, थाना सितारगंज, ऊधमसिंह नगर, उम्र 19 वर्ष।
3-गणेश पुत्र बच्चू लाल, निवासी उल्धन बिसोटा, थाना नानकमत्ता, ऊधमसिंह नगर, उम्र 19 वर्ष।
4-दीपक गुसाईं पुत्र स्व0 मंगल सिंह गुसाईं, निवासी गली नं0 03, मीरा नगर, ऋषिकेश, देहरादून, उम्र 33 वर्ष।
5-दीपना मंडल पुत्री दीपक मंडल, निवासी शक्तिफार्म, थाना सितारगंज, ऊधमसिंह नगर, उम्र 22 वर्ष।
बरामदगी-
1-₹2,00,000/- नकद धनराशि (₹500/- के कुल 400 नोट), पीले रंग के लिफाफे में रखी धनराशि कब्जे ली गयी
2- M/s Rajdeep Enterprise के लेटरहेड पर तैयार किए गए 02 संदिग्ध फर्जी नियुक्ति पत्र, जो MTS पद से संबंधित हैं,
पुलिस टीम :-
1- प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिह बिष्ट, कोतवाली ऋषिकेश
2- उ0नि0 देवेन्द्र सिंह
3- उ0नि0 निखलेश बिष्ट
4- का0 ललित
5- म0का0 पूजा
