उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक समाप्त हुई बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर मंत्रिमंडल ने अपनी मुहर लगाई है। कैबिनेट के फैसलों की जानकारी मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, श्रम, आबकारी, खनन, आवास और परिवहन समेत कई महत्वपूर्ण विभागों से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है।

वहीं, प्रदेश की चीनी मिलों को आर्थिक राहत देने के लिए सरकार 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देगी, जिससे चीनी मिलें बैंकों से ऋण प्राप्त कर सकेंगी। मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ा फैसला लिया गया है। अब राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले छात्रों को भी दो साल का अनिवार्य सेवा अनुबंध करना होगा। इसके साथ ही फार्मासिस्ट संवर्ग में डी-फार्मा के साथ बी-फार्मा अभ्यर्थियों को भी शामिल करने का निर्णय लिया गया है।

ये भी पढ़ें:  उत्तराखण्ड एसटीएफ तथा दून पुलिस की संयुक्त टीम की बड़ी कार्यवाही

कैबिनेट ने श्रम विभाग के तहत सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन को मंजूरी दी है। कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत फार्मा संवर्ग में संशोधन के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। वहीं, उत्तराखंड एक्सरे प्राविधिक सेवा नियमावली में संशोधन किया जाएगा। ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव से जुड़े प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है।

सरकार ने आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पदों के सृजन को हरी झंडी दी है। सेतु आयोग में आईटी से संबंधित पदों को भी स्वीकृति मिली है। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि के मामले में मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।

खनन विभाग से जुड़े फैसले में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास के शुल्क की दर को 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने पर मुहर लगी है। हालांकि, खनन रॉयल्टी की दरों में कोई वृद्धि नहीं की जाएगी। वहीं, अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली के संबंध में मंत्रिमंडलीय उपसमिति गठित की गई है, जिसकी संस्तुति के आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें:  13 जनपदों की आपदा प्रतिक्रिया तैयारियों, समन्वय एवं संसाधनों की हुई समीक्षा

वन विभाग से जुड़े फैसले में वन आरक्षी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगी। आवास विभाग के तीन प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली है। इसके तहत बिल्डिंग बायलॉज और भवन निर्माण से जुड़े प्रावधानों में शिथिलता दी जाएगी। साथ ही लैंड यूज परिवर्तन की दरों में भी बड़ी राहत देते हुए उन्हें पहले की तुलना में एक चौथाई से भी कम किया गया है।

परिवहन के क्षेत्र में हरिद्वार में पीआरटी परियोजना के तहत तीन कॉरिडोर विकसित किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली है। वहीं, ऋषिकेश के बापूग्राम स्थित आरक्षित वन क्षेत्र की 594.94 एकड़ भूमि को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और अन्य संबंधित बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए वन भूमि पर बसी आबादी वाले क्षेत्रों को डी-नोटिफाई करने पर सैद्धांतिक सहमति बनी है। अब राज्य सरकार इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी।

ये भी पढ़ें:  बॉलीवुड को टक्कर देंगी उत्तराखंडी फिल्में, देव रतूड़ी ने किया आगाज चीनी फिल्मों के एक्टर और उद्यमी देव रतूड़ी बनाएंगे उत्तराखंडी फिल्में

इसके अलावा उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष के एक पद को मंजूरी दी गई है। उत्तराखंड पंचम विधानसभा के सत्रावसान को भी स्वीकृति मिली है। वहीं, उत्तराखंड महाधिवक्ता कार्यालय और महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली में संशोधन के प्रस्ताव को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी है।

कुल मिलाकर धामी कैबिनेट की इस बैठक में 23 प्रस्तावों पर मुहर लगाते हुए सरकार ने विभिन्न विभागों में प्रशासनिक बदलाव, कर्मचारियों को राहत और विकास योजनाओं से जुड़े कई अहम फैसले लिए हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *