उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026 के तीसरे सीजन में मंगलवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में महिला वर्ग के दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। दिन के मैचों में बागेश्वर एरियल और मसूरी क्वींस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
दिन के पहले मुकाबले में बागेश्वर एरियल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पिथौरागढ़ हरिकेन्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 135 रन बनाए। पिथौरागढ़ के लिए गायत्री आर्य ने 35 गेंदों में 41 रनों की एंकर पारी खेली।
136 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बागेश्वर एरियल की टीम ने दबाव के क्षणों में संयम बनाए रखा और 19.1 ओवरों में 7 विकेट खोकर 136 रन बनाते हुए 3 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। टीम की जीत में नंदिनी कौशिक ने मुख्य भूमिका निभाई, जिन्होंने 35 गेंदों में 41 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।
दिन के दूसरे मैच में मसूरी क्वींस ने आसान रन चेज में देहरादून वॉरियर्स को 8 विकेट से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी देहरादून वॉरियर्स की पूरी टीम 19 ओवरों में 123 रनों पर सिमट गई। देहरादून की ओर से प्रीति भंडारी ने 38 गेंदों में 59 रनों का जुझारू योगदान दिया। मसूरी क्वींस की गेंदबाजों ने पूरी पारी में कसी हुई गेंदबाजी की, जिसमें निशा मिश्रा ने 4 विकेट झटके। शानदार प्रदर्शन के लिए निशा मिश्रा को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
124 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मसूरी क्वींस ने 18.3 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 125 रन बनाकर मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लिया। कप्तान नंदिनी कश्यप ने सामने से नेतृत्व करते हुए 64 गेंदों में नाबाद 62 रनों की संयमित पारी खेली।
मैच के बाद टीम की तैयारी और पिच के मिजाज पर बात करते हुए कप्तान नंदिनी कश्यप ने कहा, “हम बहुत तैयारी कर रहे हैं। जैसा कि मैंने पहले भी कहा था, हम हर टीम के खिलाफ अलग रणनीति बना रहे हैं। हम विरोधी बल्लेबाजों और गेंदबाजों का अध्ययन करके अपनी योजनाएं तैयार कर रहे हैं, और अब तक वे योजनाएं बहुत अच्छी तरह काम कर रही हैं। हम फाइनल समेत आने वाले मैचों में भी इसी दृष्टिकोण के साथ उतरेंगे।”
पिच की स्थिति पर उन्होंने कहा, “पिछले मैच की तुलना में आज की पिच बल्लेबाजी के लिए काफी बेहतर थी। हालांकि, चौथी पारी में बल्लेबाजी आने के कारण गेंद थोड़ी नीची रह रही थी, फिर भी यह एक अच्छा स्कोरिंग विकेट था। विपक्षी टीम 20-30 रन कम बना पाई, हमारे गेंदबाजों ने उन्हें रोकने में बेहतरीन काम किया, जिससे हमारे लिए लक्ष्य का पीछा करना आसान हो गया
