राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय, देहरादून में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में आज एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री सुबोध उनियाल द्वारा 12 बेड के नए कार्डियोलॉजी विंग एवं नवीन इमरजेंसी मेडिसिन वार्ड का लोकार्पण किया गया।

नवनिर्मित 12 बेड के कार्डियोलॉजी विंग के शुरू होने से हृदय रोग से संबंधित मरीजों को बेहतर, त्वरित एवं उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे कार्डियोलॉजी विभाग की क्षमता में वृद्धि होने के साथ ही गंभीर हृदय रोगियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

इसी अवसर पर नवीन इमरजेंसी मेडिसिन वार्ड का भी उद्घाटन किया गया। इसके शुरू होने से गंभीर एवं आपातकालीन मरीजों के उपचार की क्षमता और अधिक सुदृढ़ होगी तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर बेहतर आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

ये भी पढ़ें:  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तराखण्ड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का किया शिलान्यास

राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान ने राज्य के प्रथम मेडिकल कॉलेज के रूप में सुपर-स्पेशियलिटी पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। इसी क्रम में MCh Urology Super Specialty के प्रथम दो अभ्यर्थियों डॉ. विशाल सिंह एवं डॉ. इकरार अली को प्रवेश/ज्वाइनिंग पत्र प्रदान किए गए। यह उपलब्धि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है।

दून मेडिकल कॉलेज को उत्कृष्ट चिकित्सा संस्थान बनाने की दिशा में लगातार हो रहे प्रयास

मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने संस्थान की इन उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि सुपर-स्पेशियलिटी शिक्षा एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेशवासियों को उच्च स्तरीय विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं राज्य में ही उपलब्ध हों।

ये भी पढ़ें:  आगामी विधानसभा चुनावों के लिए एआईसीसी के कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां

उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण, मानव संसाधनों का बेहतर उपयोग तथा भविष्य में नई सुपर-स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

दून मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजी एवं इमरजेंसी मेडिसिन जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं के विस्तार के साथ सुपर-स्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों की शुरुआत से संस्थान की चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भूमिका और मजबूत होगी।

ये भी पढ़ें:  बेटियां उठायेंगी नशे के विरुद्ध मशालः डाॅ. धन सिंह रावत

कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष एवं निदेशक, चिकित्सा शिक्षा प्रो. (डॉ.) आशुतोष सयाना, प्राचार्य प्रो. (डॉ.) गीता जैन, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) आर.एन. बिष्ट, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनय मित्तल, डॉ. शोभा वी. सहित चिकित्सक, संकाय सदस्य एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में डीन एवं प्राचार्य प्रो. (डॉ.) गीता जैन ने उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, चिकित्सकों, संकाय सदस्यों एवं आयोजन से जुड़े सभी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय बिरादरी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और आने वाले समय में संस्थान चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं मरीजों की सेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां प्राप्त करेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *